वाराणसी , सितंबर 29 -- धार्मिक नगरी काशी के छोटी शीतला घाट राजमंदिर स्थित पाकिस्तानेश्वर महादेव मंदिर के नाम परिवर्तन की मांग को लेकर सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को नगर आयुक्त कार्यालय पहुंचकर अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मंदिर का नाम बदलकर सिन्धु गंगेश्वर महादेव रखने की मांग की है।
पूर्व पार्षद सिगरा शंकर विशनानी ने बताया कि छोटी शीतला घाट-राजमंदिर स्थित शिवलिंग हिंदू सिंधी भाषियों द्वारा स्थापित किया गया था। इसका नाम पाकिस्तानेश्वर महादेव रखकर काशी की छवि धूमिल करने और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ नगर निगम मुकदमा दर्ज कराए तथा मंदिर में स्थापित शिवलिंग का नाम सिन्धु गंगेश्वर महादेव रखा जाए, ताकि प्राचीन सिंधु सभ्यता की विरासत की पहचान काशी में बनी रहे और काशीवासियों तक सकारात्मक संदेश जाए।
श्री विशनानी ने बताया कि भारत-पाकिस्तान विभाजन के समय सिंध प्रांत से आए हिंदू सिंधी भाषी एक शिवलिंग को अपने साथ काशी लेकर आए थे। शिवलिंग को जल प्रवाहित करने के लिए जब वे छोटी शीतला घाट पहुंचे, तो स्थानीय लोगों ने सुझाव दिया कि इसे यहीं स्थापित कर दिया जाए। सिंधी भाषियों ने स्थानीय लोगों के अनुरोध पर विधि-विधान से शिवलिंग स्थापित किया। तब से स्थानीय लोग निरंतर इसकी पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ अवांछित तत्वों ने मंदिर पर पाकिस्तानेश्वर महादेव का साइनबोर्ड लगाकर पाकिस्तान का नाम जोड़ने का प्रयास किया है, जिसकी काशीवासी घोर निंदा करते हैं। यह शिवलिंग प्राचीन सिंधु सभ्यता से जुड़े हिंदू सिंधी भाषियों द्वारा स्थापित किया गया था, जिसका प्रमाण मंदिर के प्राचीन शिलापट्ट पर अंकित उनके नामों से मिलता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित