वाराणसी , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को वाराणसी मंडल में पर्यटन विभाग की निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान करखियाँव स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के गांव के सौंदर्यीकरण, लमही में मुंशी प्रेमचंद के आवास को संग्रहालय के रूप में विकसित करने, कर्मदेश्वर महादेव मंदिर, कपिलधारा मंदिर, गुरुधाम एवं नागा बाबा मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर, दशाश्वमेध घाट, सारनाथ के धमेख स्तूप पर लाइट एंड साउंड शो, राही पर्यटक आवास गृह, परेड कोठी, केदार घाट तथा वाराणसी रेलवे स्टेशन स्थित पर्यटन सूचना केंद्र के उच्चीकरण सहित अन्य परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा गाजीपुर, जौनपुर और चंदौली की पर्यटन परियोजनाओं की भी जानकारी ली गई।
श्री सिंह ने सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को हर हाल में दिसंबर से पहले पूरा करने के निर्देश देते हुए गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने जिन परियोजनाओं का कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर प्रारंभ कराने तथा विलंबित परियोजनाओं में श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं से संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी कार्यों की नियमित जानकारी देने को कहा।
बैठक में महापौर अशोक तिवारी, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र 'दयालु', राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, विधायक नीलकंठ तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित