वाराणसी , अगस्त 30 -- नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बीच मृतकों की आत्मा की शांति, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा वहां फंसे लोगों और भारतीय पर्यटकों की सकुशल वापसी के लिए काशी में विशेष अनुष्ठान किया गया। सुदामापुर स्थित इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर काली अवेयरनेस (आईएसकेए) के आश्रम में 11 ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां काली, बाबा विश्वनाथ, मां गंगा और संकट मोचन महाराज से प्रार्थना की।
अनुष्ठान के दौरान नेपाल में आपदा से प्रभावित लोगों की सलामती और मृतकों की आत्मा की शांति की कामना की गई। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा अपनों को खोने वाले परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति मिलने की प्रार्थना की गई। ब्राह्मणों ने पोस्टर लेकर नेपालवासियों के प्रति आध्यात्मिक एकजुटता का संदेश भी दिया।
पंडित हरेंद्र उपाध्याय ने कहा कि काशी में बाबा विश्वनाथ की नगरी से नेपाल में भगवान पशुपतिनाथ की नगरी के लिए शांति प्रार्थना की गई है। उन्होंने कहा कि नेपाल और काठमांडू में फंसे भारतीय पर्यटकों की जल्द और सुरक्षित भारत वापसी के लिए भी विशेष प्रार्थना की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित