वाराणसी , अक्टूबर 04 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के निर्देशन में रविवार को महानगर कार्यालय गुलाबबाग में बागेश्वरी मंडल की बैठक हुई। बैठक की शुरुआत वंदे मातरम् के साथ हुई। अध्यक्षता करते हुए श्री अग्रहरि ने कहा कि सात अक्टूबर को वडनगर से काशी पहुंचने वाले सेवा संकल्प यात्रियों का भव्य स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 10 राज्यों से होते हुए करीब 500 सेवा यात्री वडनगर से काशी पहुंचेंगे। यात्रियों के स्वागत के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी काशी में मौजूद रहेंगे।
बैठक में श्री अग्रहरि ने सभी मंडल अध्यक्षों से अपने-अपने मंडल से कम से कम एक-एक हजार कार्यकर्ताओं को जनसभा स्थल पर पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं को जनसभा स्थल तक पहुंचाने के लिए पूर्व निर्धारित स्थानों से बसों समेत अन्य संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी।
महानगर अध्यक्ष ने कहा कि छह अक्टूबर से सेवा संकल्प यात्रियों के काशी पहुंचने का क्रम शुरू हो जाएगा। बाइक यात्रियों का काशी की गरिमा के अनुरूप भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्वागत स्थल बनाए जा रहे हैं, जहां जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के बीच पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत करेंगे।
उन्होंने बताया कि सात अक्टूबर की सुबह सभी बाइक यात्री सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में एकत्र होंगे। यहां महिला मोर्चा की कार्यकर्ता यात्रियों का तिलक लगाकर, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत करेंगी। इसके बाद यात्री बस से मैदागिन चौराहे पहुंचेंगे और वहां से पदयात्रा करते हुए काशी विश्वनाथ धाम जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित