वाराणसी , मई 8 -- वाराणसी कचहरी आने वाले आम लोगों, अधिवक्ताओं, अधिकारियों और न्यायालय कर्मचारियों को जाम से निजात दिलाने के लिए शुक्रवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने नवीन पार्किंग स्थल का फीता काटकर उद्घाटन किया।
बेहतर पार्किंग एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई इस पहल को ऐतिहासिक माना जा रहा है।
कचहरी एवं आसपास का क्षेत्र अत्यधिक व्यस्त होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन रहता है। समुचित पार्किंग व्यवस्था के अभाव में सड़क किनारे अनियंत्रित पार्किंग होती थी, जिससे यातायात संचालन प्रभावित होता था और क्षेत्र में लगातार जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी।
उक्त समस्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कचहरी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया तथा अधिवक्ताओं एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जाम एवं अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कराई।
सेन्ट्रल बार एसोसिएशन एवं बनारस बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ कई चरणों में विचार-विमर्श और बैठक के उपरांत इस स्थान को पार्किंग स्थल के रूप में चिह्नित किया गया। यहां लगभग 1000 दोपहिया वाहनों की पार्किंग सुविधा विकसित की गई है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि कमिश्नरेट पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना भी है। इसी दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। उन्होंने बताया कि इस पार्किंग व्यवस्था के शुरू होने से सड़क किनारे होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा, यातायात संचालन अधिक सुचारू एवं व्यवस्थित होगा तथा न्यायालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित