वाराणसी , मार्च 27 -- धर्म की नगरी काशी में रोज सैकड़ों श्रद्धालु गंगा आरती देखने पहुंचते हैं लेकिन श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएँ अक्सर सामने आती रहती हैं। ताजा मामले में अस्सी घाट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया है कि गंगा आरती देखने के लिए बैठने पर उनसे 100 से 200 रुपये मांगे गये। पैसे न देने पर उन्हें कुर्सी से उठा दिया गया।

वीडियो सामने आने के बाद भेलूपुर थाने की पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु महाराष्ट्र से आए थे। गंगा आरती देखने के लिए जब वे बैठे थे, तभी कुछ लोग आकर उनसे पैसे माँगने लगे। किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि पैसे लेने के बावजूद कोई रसीद नहीं दी गई। इससे अवैध वसूली की आशंका जताई जा रही है।

श्रद्धालुओं ने कहा कि सैकड़ों किलोमीटर दूर से आस्था लेकर आए लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद दुखद और निंदनीय है।

सहायक पुलिस आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लिया गया है। जांच की जा रही है कि वीडियो कब का है, किन लोगों ने पैसे माँगे थे और इसकी पुष्टि के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित