वाराणसी , मई 5 -- काशी को एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय जल परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। इसी क्रम में लंबे समय से प्रतीक्षित सामने घाट क्रूज टर्मिनल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। नगर निगम की कार्यकारिणी समिति ने सामने घाट स्थित दो एकड़ भूमि भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आई डब्ल्यू ए आई) को देने के लिए सैद्धांतिक रूप से सशर्त सहमति दे दी है।

शर्त यह है कि प्राधिकरण को इस बेशकीमती भूमि का किराया डीएम सर्किल रेट के आधार पर देना होगा, अन्यथा निर्मित होने वाले टर्मिनल भवन का एक फ्लोर नगर निगम को आवंटित करना होगा। इससे निगम के राजस्व में वृद्धि होगी और सरकारी संपत्तियों का उचित मुद्रीकरण सुनिश्चित हो सकेगा।

निगम के इस निर्णय से न केवल क्रूज संचालन को व्यवस्थित आधार मिलेगा, बल्कि बनारस के पर्यटन और बुनियादी ढांचे में क्रांतिकारी बदलाव आने की उम्मीद है। आराजी संख्या 316/25 की दो एकड़ भूमि पर बनने वाला यह प्रोजेक्ट काशी को स्मार्ट सिटी से आगे बढ़कर एक ग्लोबल टूरिस्ट हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित