वाराणसी , जून 18 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने काशी को विकास की नई पहचान दी है। वर्ष 2014 से 2026 के बीच वाराणसी को 61,217.89 करोड़ रुपये की लागत वाली 727 विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि इनमें से 36,210.64 करोड़ रुपये की 536 परियोजनाएं पूर्ण होकर जनता को समर्पित की जा चुकी हैं, जबकि 25,007.25 करोड़ रुपये की 191 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं और शीघ्र पूरी होंगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से सड़क, रेल, जल एवं हवाई संपर्क व्यवस्था को मजबूत किया गया है। बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन, व्यापार और उद्योग को नई गति मिली है। धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण के साथ आधुनिक बुनियादी ढांचे का भी विस्तार हुआ है।

मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि विकास का लाभ केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीण अंचलों में भी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया गया है। रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं से युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हुए हैं तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

उन्होंने कहा कि काशी आज विकास, विरासत और आधुनिकता के संगम के रूप में उभर रही है। जी-20 और ब्रिक्स जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की सफल मेजबानी के बाद काशी का विकास मॉडल देश और दुनिया में चर्चा का विषय बन गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित