वाराणसी , जुलाई 27 -- पश्चिम बंगाल के नगर विकास मंत्री उमेश राय सोमवार को वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली एवं स्वच्छता मॉडल का बारीकी से अध्ययन किया। सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण कर उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से शहर की यातायात व्यवस्था एवं निगरानी प्रणाली का अवलोकन किया।

इस दौरान मंत्री ने महापौर अशोक कुमार तिवारी एवं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल से मुलाकात कर यह जाना कि वाराणसी ने स्वच्छता के क्षेत्र में कम समय में उल्लेखनीय उपलब्धि किस प्रकार हासिल की। उन्होंने गीले एवं सूखे कूड़े के पृथक्करण (सेग्रीगेशन) की व्यवस्था के साथ ही वेस्ट-टू-चारकोल, वेस्ट-टू-एनर्जी तथा वेस्ट-टू-कंपोस्ट (खाद) संयंत्रों के संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

श्री राय ने वाराणसी नगर निगम की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि काशी में स्वच्छता का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। इस दौरान महापौर ने उन्हें नगर निगम के नवाचार आधारित व्हाट्सएप चैटबॉट सिस्टम की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पायलट परियोजना के तहत वर्तमान में शहर के 25 वार्डों में कूड़ा उठान सहित 14 प्रकार की नागरिक समस्याओं का निस्तारण चार घंटे के भीतर किया जा रहा है।

इससे पूर्व सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने पश्चिम बंगाल के नगर विकास मंत्री उमेश राय का पुष्पगुच्छ भेंट कर औपचारिक स्वागत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित