वाराणसी , जून 28 -- उत्तर प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने रविवार को उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए पर्यटन एवं आवास विकास विभाग की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया।

उन्होंने पर्यटन विभाग की ओर से 1.08 करोड़ रुपये की लागत से श्री उत्तरार्क आदित्य (सूर्य) मंदिर एवं सूर्यकुंड (बकरियाकुंड) के समग्र विकास कार्य का भूमि पूजन कर विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही आवास विकास विभाग द्वारा अवस्थापना निधि योजना के अंतर्गत 20.84 लाख रुपये की लागत से वार्ड अलईपुरा में धूरे सोनकर के मकान से शैलपुत्री चौराहे तक इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया।

भूमि पूजन के दौरान मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। काशी के प्राचीन मंदिरों एवं ऐतिहासिक कुंडों का सौंदर्यीकरण कर उन्हें विश्वस्तरीय पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने बताया कि श्री उत्तरार्क आदित्य (सूर्य) मंदिर एवं सूर्यकुंड के विकास कार्य पूर्ण होने के बाद यहां आकर्षक सौंदर्यीकरण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पाथवे, बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छता तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय नागरिकों को भी इसका लाभ प्राप्त होगा।

जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार केवल धार्मिक स्थलों का ही विकास नहीं कर रही है, बल्कि मोहल्लों और वार्डों में सड़क, नाली तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में अलईपुरा वार्ड में इंटरलॉकिंग सड़क के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बरसात के मौसम में होने वाली समस्याओं से भी राहत मिलेगी।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं, ताकि जनता को शीघ्र इन परियोजनाओं का लाभ मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित