काशीपुर , सितंबर 11 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में काशीपुर के महुआखेड़ागंज में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 10 सितंबर को काशीपुर के महुआखेड़ागंज में युवती मेहविश की गोली लगने से मौत हो गई थी। मृतका के परिजन फईम हुसैन की तहरीर पर 11 सितंबर को कोतवाली आईटीआई में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश देती रही।

आज आईटीआई पुलिस टीम चौकी पैगा क्षेत्र में आरोपियों की तलाश में कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले रास्ते पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी कर साजिद, सबीना और फिजा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी साजिद से पता चला कि घटना के दौरान साजिद की छोटी बेटी और मेहविश के बीच छीनाझपटी हुई। इसी दौरान साजिद की छोटी बेटी से गोली चल गयी, जो मेहविश को लगी और उसकी मौत हो गयी।

इसके बाद साजिद और उसकी पुत्री फिजा ने मौके पर फर्श पर पड़े खून के धब्बों को मिटाने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि साजिद ने मृतका के शव को अपने घर से हटाकर उसके घर पहुंचाया, ताकि घटनास्थल को बदला जा सके। इसके बाद तीनों आरोपी फरार होने की फिराक में थे, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित