काशीपुर , जून 20 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम कलियावाला और गढ़ीहुसैन में छापेमारी कर 115 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है।
मामले में दो लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि एक मामले में अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी आयुक्त के निर्देश पर संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमाऊं मंडल के.के. काण्डपाल और जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में जनपदीय प्रवर्तन दल, क्षेत्र-04 बाजपुर तथा क्षेत्र-03 काशीपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
छापेमारी के दौरान ग्राम कलियावाला में कुलदीप सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह के घर की तलाशी ली गई, जहां से 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। मामले में कुलदीप सिंह के भाई संदीप के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी गांव में एक अन्य घर की तलाशी के दौरान 50 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इस मामले में पिंकी कौर पत्नी रोहित सिंह के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं ग्राम गढ़ीहुसैन में की गई तलाशी के दौरान 35 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी दल में आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट, धर्मेंद्र सिंह, प्रधान आबकारी सिपाही कैलाश भट्ट, आबकारी सिपाही सुमन आर्या, नैनिका राणा समेत जनपदीय प्रवर्तन दल के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित