नैनीताल , अक्टूबर 09 -- उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने काशीपुर के राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष चुनाव से जुड़ी याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई करते हुए लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के अनुरूप तत्काल शिकायत निवारण सेल (ग्रीवांस रिड्रेसल सेल) गठित करने और याचिकाकर्ता की शिकायत पर विचार करने को कहा है। साथ ही मतपत्रों और सीसीटीवी फुटेज को भी सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी कुलदीप सिंह ने याचिका दायर कर चुनाव परिणाम में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। याचिकाकर्ता का कहना है कि मतपत्रों में काट छांट खासकर नोटा से संबंधित मतों का लाभ उनके प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी को दिलाया गया है।
याचिकाकर्ता ने सीसीटीवी फुटेज और मतपत्रों को सुरक्षित रखने की मांग की। इस पर न्यायालय ने शिकायत निवारण सेल के गठन और शिकायत पर विचार के निर्देश दिए। अदालत ने मतपत्रों और सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए है।
गौरतलब है कि गत 29 सितंबर को हुई मतगणना में गुरजिंदर सिंह ने 985 मतों के मुकाबले 996 मतों से जीत हासिल की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित