उज्जैन , अगस्त 10 -- मध्यप्रदेश में उज्जैन के भैरवगढ़ थाना क्षेत्र स्थित काल भैरव मंदिर के बाहर पानी की बोतल बेचने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद एवं मारपीट के मामले में पुलिस ने एक पक्ष के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि 07 अगस्त को काल भैरव मंदिर के बाहर पानी की बोतल बेचने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद एवं मारपीट की घटना हुई थी। घटना के बाद दोनों पक्षों ने भैरवगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।

पुलिस ने एक पक्ष के अनिल (20), बंटी (20) और संदीप को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ धारा 119(1), 115(2), 296-बी, 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

घटना में दूसरे पक्ष के लोगों को भी चोटें आई हैं, जिसके संबंध में पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज की है। पुलिस द्वारा घटना के वीडियो फुटेज एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की विवेचना की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित