वाराणसी , मई 18 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काल भैरव मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं से मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने इस घटना को लेकर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, गुजरात के नवसारी निवासी मुकेश भाई पटेल शनिवार को परिवार सहित दोपहर में काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करने पहुंचे थे। लंबी लाइन में उनका परिवार भी लगा हुआ था। तभी कुछ युवकों ने अचानक बैरिकेडिंग की तरह बंद कर दिया। इससे उनकी मां बैरिकेडिंग के अंदर और पिता बाहर हो गए।

परिवार का आरोप है कि उन्होंने युवकों से अनुरोध किया कि बुजुर्ग माता-पिता को एक साथ कर दिया जाए, क्योंकि भीड़ में उन्हें परेशानी होगी, लेकिन युवकों ने उनकी एक नहीं सुनी। बल्कि वीडियो बनाने पर पिताजी को धक्का दिया और उनके साथ मारपीट करने लगे। उनकी मां के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित