हैदराबाद , सितंबर 09 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने बुधवार को तेलंगाना भाषा दिवस के अवसर पर 'जनकवि' और पद्म विभूषण से सम्मानित कालोजी नारायण राव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री रेड्डी ने श्री राव के प्रभावशाली लेखन के माध्यम से तेलंगाना की भाषा, बोली, संस्कृति और जीवन शैली के संरक्षण तथा प्रचार-प्रसार में दिये गये उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद किया। उन्होंने लोगों से तेलंगाना के महान कवि और लेखक के योगदान को याद करने तथा उससे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'प्रजापालना सरकार' कालोजी नारायण राव की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि कालोजी अपनी रचनाओं और सार्वजनिक जीवन के माध्यम से लोगों की आवाज बने और उन्होंने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि तेलंगाना की भाषा और साहित्य के लिए कालोजी का योगदान अमूल्य और प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार कालोजी के आदर्शों और विरासत से प्रेरणा लेते हुए तेलंगाना की भाषा और साहित्य को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रोत्साहन और सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उन्होंने श्री राव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। सांसद अनिल कुमार यादव भी इस दौरान मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित