ऋषिकेश , मई, 23 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश क्षेत्र के काले की ढाल, आईडीपीएल में बाहरी राज्य से घूमने आए लोगों के साथ मारपीट और उनके वाहन में तोड़फोड़ के चर्चित मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए लगातार दबिश अभियान चलाया।

जानकारी के अनुसार, 20 मई 2026 को थाना ऋषिकेश क्षेत्र के काले की ढाल इलाके में पर्यटकों के साथ मारपीट एवं वाहन क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना सामने आई थी। इस संबंध में कोतवाली ऋषिकेश में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में गठित पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इससे पहले इस मामले में अशोक थापा और नरेश कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।

इसी कड़ी में शुक्रवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल दो अन्य आरोपी ट्रांजिट कैंप के पीछे डग रोड क्षेत्र में मौजूद हैं और कहीं फरार होने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित