भदोही , अक्टूबर 05 -- कारपेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ( सीपीसी सी) द्वारा आयोजित गोल्डन जुबली 50वें इंडिया कार्पेट एक्सपो में पहले दो दिनों में 35 से अधिक देशों के करीब 189 विदेशी कालीन खरीदार और 211 प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है।
चार से सात अक्टूबर तक आयोजित एक्सपो का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को किया था। एक्सपो में 225 से अधिक प्रदर्शक हस्तनिर्मित कालीन, रग्स और अन्य फ्लोर-कवरिंग उत्पादों के नए कलेक्शन प्रदर्शित कर रहे हैं।
काउंसिल के अनुसार, खरीदारों की जरूरतों के अनुरूप आकार, डिजाइन, रंग और गुणवत्ता में नए उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं, जिन्हें विदेशी खरीदारों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है। एक खरीदार ने कहा कि प्रत्येक स्टॉल नई और अलग अवधारणा प्रस्तुत कर रहा है, जिससे व्यापार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
एक्सपो के दौरान न्यूजीलैंड के ऊन और अमेजान ग्लोबल हेल्थ प्रोग्राम पर ज्ञानवर्धक सत्र भी आयोजित किए गए। भदोही के जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने परिवार के साथ एक्सपो का दौरा कर प्रदर्शित उत्पादों की सराहना की।
परिषद के अनुसार, एक्सपो का उद्देश्य भारतीय हस्तनिर्मित कालीन उद्योग के लिए नए व्यापारिक अवसर सृजित करना है। इस श्रम-प्रधान उद्योग से ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से महिलाओं सहित करीब 20 लाख श्रमिकों एवं कारीगरों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित