भदोही , सितंबर 25 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए शुक्रवार की शाम कालीन नगरी में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा।

शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु नाचते-गाते और अबीर-गुलाल उड़ाते हुए चल रहे थे। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

नगर और नई बाजार क्षेत्र में स्थापित गणेश प्रतिमाएं शाम करीब पांच बजे से एकमा तिराहे की ओर रवाना होने लगीं। यहां श्रीगणेश पूजा महासमिति की ओर से प्रतिमाओं की नंबरिंग की गई। इसके बाद क्रमवार प्रतिमाओं को आगे रवाना किया गया।

शाम करीब छह बजे दो गणेश प्रतिमाएं निकाली गईं, जबकि तीसरी प्रतिमा रात करीब सात बजे अजीमुल्ला चौराहे से होकर गुजरी। रिमझिम बारिश के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। भक्तों ने जयकारे लगाते हुए प्रतिमाओं के साथ शोभायात्रा निकाली।

सभी गणेश प्रतिमाओं को औराई के उगापुर स्थित नहर में विसर्जित किया जाएगा। देर रात तक प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला चलने की उम्मीद है। अनुमान है कि शेष प्रतिमाओं का विसर्जन रात करीब 12 बजे तक पूरा हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित