बांदा , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में गुरुवार को सावन महीने के प्रथम दिन ऐतिहासिक व धार्मिक कालिंजर दुर्ग पर स्थित नीलकंठ भगवान और सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक बाम्बेश्वर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शंकर भगवान के दर्शन कर पूजा अर्चना की। आज से शुरू सावन महीने के प्रथम दिन बांदा जिले में शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का जन सैलाब देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और हर- हर महादेव, बम - बम भोले के उद्द्घोषों से गूंजायमान होकर बांदा शिवमय हो गया। जिले के सीमावर्ती जनपदों और सीमावर्ती मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं ने हजारों की संख्या में 1230 फीट की ऊंचाई पर स्थित कालिंजर दुर्ग में पहुंचकर शिवकुण्ड में स्नान कर भगवान नीलकंठ का दुग्धाभिषेक व जलाभिषेक कर पूजा, आरती की और माथा टेककर आस्था व्यक्त करते हुए सुख - समृद्धि की कामना की।
बांदा नगर के बाम्बेश्वर मंदिर सहित सभी मंदिरों में आज सुबह 3:00 से ही भक्तों की कतारें देखने को मिलीं। जहां जहां शिवलिंग का रुद्राभिषेक कर पूजा आरती के साथ श्रद्धालुओं ने माथा टेका। यहां प्राचीन धार्मिक मान्यता है कि सावन के महीने में श्री रामचरितमानस का अखंड पाठ व 24 घंटे चलने वाले भजन कीर्तन करने से प्रतिफल शुभ और मंगलमय होता है। जिसके चलते यहां गांवों, कस्बों और घरों में भी क्रमशः श्री रामचरितमानस के अखंड पाठ व 24 घंटे अनवरत चलने वाले भजन कीर्तन के कार्यक्रम संपन्न होना आज से शुरू हो गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित