वाराणसी , जून 16 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र स्थित बेनियाबाग बस्ती में रविवार को हुई एक बुजुर्ग की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक पिस्टल तथा घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में बेनिया निवासी विशाल भारतीय, लोहता निवासी विकास विश्वकर्मा उर्फ सोनू, सुजीत बाल्मीकि तथा बेनिया निवासी कृष्णा बाल्मीकि शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार चारों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया था। पुलिस जांच में हत्या की मुख्य वजह काला जादू - टोना से जुड़ा होना बताया गया।

अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर ने सोमवार को बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से चौक थाने को सूचना मिली थी कि राजन नामक एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम गठित कर मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए गए।

उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई, जिसमें चार संदिग्धों के नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि घटना का खुलासा छह घंटे के भीतर कर लिया गया था, जबकि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी 24 घंटे के अंदर सुनिश्चित की गई।

पूछताछ में मुख्य आरोपी विशाल भारतीय ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में उसके परिवार के कई लोगों की असमय मृत्यु हुई थी। उसे संदेह था कि मृतक राजन कथित रूप से काला जादू और टोना-टोटका करता था, जिसके कारण उसके परिवार के लोगों की मौत हुई। इसी शक के आधार पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित