कालाढुंगी 04अप्रैल (वार्ता) उत्तराखंड में कालाढूंगी विधानसभा के गैबुआ क्षेत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का शनिवार को होने वाला कार्यक्रम स्थगित हो गया है।

श्री धामी का कार्यक्रम किस वजह से स्थगित हुआ है, इसका पता नहीं चल पाया है। क्षेत्र में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सियासी माहौल गर्म था। कार्यक्रम से पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए कालाढुंगी के बैलपड़ाव क्षेत्र में श्री धामी का पुतला फूंका और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने बताया कि पार्टी द्वारा पहले ही संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध दर्ज कराने की बात कही गयी थी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता तय कार्यक्रम के तहत मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की समस्याओं को उठाया। उन्होंने दावा है कि विरोध की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।

उन्होंने क्षेत्र की तीन प्रमुख समस्याओं स्वास्थ्य, चिकित्सा सेवाएं और प्राधिकरण से जुड़े मुद्दों को गंभीर बताते हुए कहा कि इनका प्रभाव सीधे आम जनता पर पड़ रहा है। तिवारी के अनुसार, कांग्रेस ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।

वहीं, जिला पंचायत सदस्य अर्नब काम्बोज ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं पर चिंता जताई। उनका कहना है कि इन मुद्दों को कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने उठाया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित