नैनीताल , अप्रैल 07 -- उत्तराखंड के कालाढूंगी में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। घर की बालकनी गिरने से एक ही परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना कल रात कालाढूंगी के वार्ड-3 निवासी यासीन के घर की छत पर कई लोग शादी समारोह देखने के लिए एकत्रित हुए थे। इसी दौरान अचानक बालकनी भरभराकर गिर गई, जिससे वहां मौजूद लोग नीचे गिर गए और क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को नजदीक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी छह घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हल्द्वानी स्थित उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

घायलों के नाम रेशमा (35), असमा (30), लैबानूर (5), सबीना (30) और सबीना (21) है। सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, '108' एंबुलेंस सेवा के पहुंचने से पूर्व ही स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया।

उपनिरीक्षक जयवीर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित