जालौन , सितंबर 26 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कालपी कोतवाली पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में मंदिर में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में गोली लगने से घायल हो गया।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने शनिवार को बताया कि ग्राम उसरगांव स्थित देवपुरा माता मंदिर में 16/17 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने मंदिर से घंटियां और दानपात्र से करीब 35 हजार रुपये चोरी कर लिये थे। मामले में वादी अनुराग तिवारी की तहरीर पर कालपी कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 213/26, धारा 331(4)/305(डी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

उन्होंने बताया कि घटना के अनावरण के लिए क्षेत्राधिकारी कालपी राजेश कमल के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया था। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान संदिग्ध संदीप उर्फ नरेन्द्र कुमार निवासी ग्राम गौर, थाना भोगनीपुर, कानपुर देहात गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी बलराम निवासी ग्राम गौर और लाला उर्फ लालचंद निवासी ग्राम अंडवा, थाना बरौर, कानपुर देहात को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 छोटे-बड़े पीतल के घंटे, 11,995 रुपये नगद, एक अवैध तमंचा, दो खोखा व दो जिंदा कारतूस, चोरी में प्रयुक्त सब्बल, कटर, प्लास आदि उपकरण तथा घटना में प्रयुक्त होंडा मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने मंदिर से घंटियां व दानपात्र से रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक संदीप के खिलाफ कानपुर देहात के विभिन्न थानों में चोरी एवं बरामदगी से संबंधित पूर्व मामले भी दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित