जालौन , मई 4 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कालपी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार कार के ट्रक से टकराने से उसमे सवार आठ लोगों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य गंभीर रुप से घायल हो गये।

सभी हताहत अयोध्या में खंडित मूर्ति विसर्जित कर अपने घर लौट रहे थे कि उनकी कार कालपी क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर भारत गैस गोदाम के सामने कार एक ट्रक के पीछे जा घुसी।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि आज तड़के करीब पांच बजे टवेरा कार अयोध्या से लौटते समय कालपी क्षेत्र से गुजर रही थी। जैसे ही वाहन भारत गैस गोदाम के सामने पहुंचा, तभी वह आगे चल रहे एक ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने स्वामी प्रसाद तिवारी (68) पुत्र धर्मदास तिवारी, देशराम नामदेव (38) पुत्र द्वारका नामदेव, शशिकांत तिवारी (49) पुत्र उत्तम तिवारी, मनोज भोडले (39) पुत्र ओमप्रकाश, उमेश तिवारी (23) पुत्र गोपाल तिवारी तथा कृष्णकांत नायक (40) पुत्र बाबूलाल नायक को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल हरिहर मोहन (53), अंशुल (22), दीपक तिवारी (26) और ब्रज भूषण तिवारी (40) को पहले राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल उरई में ले जाया गया जहां सभी को गंभीर हालत में कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित