जालौन , अगस्त 23 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के कालपी में रविवार को दो प्राचीन मंदिरों के विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया।

क्षेत्रीय विधायक विनोद चतुर्वेदी की पहल पर मां वनखंडी देवी मंदिर और गणेशगंज स्थित प्राचीन गणेश मंदिर के लिए कुल 1.32 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शुभारंभ हुआ।

अधिकारियों के अनुसार इन कार्यों का उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा कालपी को पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाना है।

मां वनखंडी देवी मंदिर में महंत जमुनादास महाराज के सानिध्य में विधि-विधान से भूमि पूजन संपन्न हुआ। मंदिर के विकास के लिए करीब 68 लाख रुपये की योजना स्वीकृत की गई है। इसके तहत श्रद्धालुओं और यात्रियों के ठहरने के लिए हॉल, शौचालय, स्नानगृह, पानी की व्यवस्था तथा हॉल के समीप बरामदे का निर्माण कराया जाएगा।

इसी तरह गणेशगंज स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में करीब 64 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। यहां भी हॉल, शौचालय, स्नानगृह, पानी की व्यवस्था सहित अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

भूमि पूजन के बाद विधायक ने कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

परियोजनाएं उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के सहयोग से पूरी की जाएंगी। निर्माण की जिम्मेदारी मेसर्स अनिल कुमार जमरोही को सौंपी गई है।

इस दौरान क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा और परिषद के अधिशासी अधिकारी उमानाथ शुक्ला मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित