उदयपुर , सितम्बर 26 -- राजस्थान में उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को तेज रफ्तार कार और टैंकर की भिड़ंत से एक युवक और एक युवती की मौत हो गयी जबकि दो अन्य घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि देबारी-अंबेरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक होंडासिटी कार डिवाइडर से टकराते हुए उछलकर विपरीत दिशा से आ रहे टैंकर से टकरा गयी। इससे कार में सवार मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी उदय बसंल एवं रूचिका परिहार की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि हरियाणा निवासी शशांकसिंह और वंशिका घायल हो गये।

पुलिस के अनुसार मृतक यहां उमरडा स्थित एक मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी थे।

घटना की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना प्रभारी अजयसिंह राव मय जाब्ता घटनास्थल पर पहुंचे और एंबूलेंस से मृतकों के शवों को एम बी अस्पताल के शवगृह में रखवाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित