सागर , अप्रैल 30 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में पुलिस ने खिमलासा बायपास रोड से बीना की ओर आ रही एक कार से अवैध शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने वाहन का पीछा किया और बीना कस्बे के रेलवे अंडर ब्रिज के पास साईं धाम कॉलोनी में घेराबंदी कर कार को रोक लिया।

वाहन चालक ने अपना नाम रंजीत अहिरवार (24), निवासी सागर नाका खुरई बताया। तलाशी लेने पर कार से 600 पाव (108 बल्क लीटर) अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है।

आरोपी से शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने करीब तीन लाख रुपए कीमत की कार भी जब्त कर ली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित