सीतापुर , अगस्त 14 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित फायर ब्रिगेड स्टेशन के निकट एक कार के अंदर शिक्षक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान इस्माइलपुर मोहल्ला निवासी राधेश्याम पटेल (50) के रूप में हुई है, जो जनता माध्यमिक विद्यालय, सुनारी में अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। प्राथमिक जांच के अनुसार राधेश्याम पटेल शुक्रवार सुबह अपनी कार से विद्यालय जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार का टायर खराब हो गया। वह टायर बदलने का प्रयास कर रहे थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद वह कार में जाकर बैठ गए।
काफी देर तक कार एक ही स्थान पर खड़ी रहने पर आसपास के दुकानदारों को संदेह हुआ। उन्होंने पास जाकर देखा तो शिक्षक कार के अंदर अचेत अवस्था में मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हृदयाघात से मृत्यु का प्रतीत होता है। आशंका है कि टायर बदलने के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत हुई। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित