नोएडा , मई 15 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-39 थाना पुलिस ने कार में लिफ्ट देकर लोगों को अवैध रूप से डराने-धमकाने और एटीएम व यूपीआई के माध्यम से पैसे ट्रांसफर कराने के आरोप में पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से फर्जी नंबर प्लेट लगी एक कार और अवैध शस्त्र भी बरामद किए।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि थाना पुलिस टीम ने स्टेलर ग्रीन पार्क के पास से पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है जिनकी पहचान नसीम अली (23) मूल निवासी ग्राम अर्जुनी सिमरई, जिला एटा, अभिषेक कुमार (21) मूल निवासी ग्राम नंगला गोपालवाद, जिला नालंदा, बिहार , विवेक (19) मूल निवासी ग्राम किशनपुर बैकुंठ, जिला समस्तीपुर, बिहार , कार्तिक ठाकुर (18) मनोज कुमार, (18) के रुप में की गयी है।
पुलिस ने बताया कि वे एनसीआर क्षेत्र में कार में लिफ्ट देने का बहाना कर यात्रियों को कार में बैठा लेते थे। इसके बाद अवैध शस्त्र दिखाकर यात्रियों को डराते और धमकाते थे, तथा उनसे एटीएम और यूपीआई के माध्यम से पैसे ट्रांसफर करवा लेते थे। कई मामलों में यात्रियों के साथ मारपीट कर उन्हें सुनसान स्थान पर छोड़ दिया जाता था।
पुलिस की छानबीन में अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास सामने आया है जिनमें की नसीम अली कई मामलों में गिरफ्तार हो चुका है, जिनमें आर्म्स एक्ट और विभिन्न बीएनएस धाराएं शामिल हैं। अभिषेक कुमार, विवेक, कार्तिक ठाकुर सभी पर मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं एवं मनोज कुमार पर कई गंभीर अपराधों में संलिप्त, जिनमें एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत मामले शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित