बालोद , सितंबर 21 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में देवरी थाना क्षेत्र के परसुली गांव के समीप डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक और उसका साथी वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार परसुली निवासी पवन सोनकर रविवार रात अपने 3 वर्षीय बेटे हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय भतीजे नमन कुमार सोनकर के साथ बाइक से घर के पास सड़क पर निकले थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से देवरी की तरफ जा रही कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। आरोप है कि कार चालक वाहन को रॉन्ग साइड में ले आया था।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार पवन सोनकर, हिमांशु सोनकर और नमन कुमार सोनकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घायलों की मदद की। सूचना पर डॉयल 112 और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और तीनों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित