बैतूल , मई 15 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में शुक्रवार सुबह कथित गौवंश तस्करी का प्रयास उस समय विफल हो गया, जब गौसेवकों और पुलिस की सक्रियता के दौरान एक कार पलट गई और उसमें ठूंसकर ले जाए जा रहे चार गौवंश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सुबह करीब छह बजे बजरंग दल और गौ-सेना के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि छिंदवाड़ा मार्ग से एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार में गौवंश को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने पर कार्यकर्ताओं ने कामथ क्षेत्र से वाहन का पीछा शुरू किया और पुलिस को भी अवगत कराया।
कार्यकर्ताओं के अनुसार पट्टन चौकी पर पुलिस की मदद से बैरिकेडिंग की गई, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार से मुलताई की ओर लेकर भाग निकला। पीछा किए जाने के दौरान कार पट्टन रोड हाईवे पर खरसाली के जंगल क्षेत्र के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद वाहन में सवार लोग मौके से फरार हो गए।
घटनास्थल पर पहुंचे गौसेवकों ने देखा कि कार के भीतर चार गौवंश को रस्सियों से बांधकर अत्यंत संकुचित स्थिति में रखा गया था। स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं की सहायता से वाहन को सीधा कर सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस ने वाहन और गौवंश को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की है तथा फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित