औरंगाबाद, जून 07 -- औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र के दधपी गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-120 पर रविवार को कार और ट्रैक्टर के बीच टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के हिच्छन बिगहा निवासी ममता कुमारी, उनकी पुत्री चुलबुल कुमारी तथा उपहारा थाना क्षेत्र के डंडवां गांव निवासी खुशी कुमारी के रूप में हुई है। वहीं घायलों में मुस्कान कुमारी, समर कुमार और संगीता देवी शामिल हैं। घायलों को उपचार के लिए गोह और गया रेफर किया गया है ।

प्रत्यक्षदर्शी लड्डू सिंह के अनुसार सभी लोग अरवल जिले में आयोजित मधुश्रवा मलमास मेला से घुमने के बाद कार से अपने घर लौट रहे थे।

सूचना मिलते ही गोह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित