श्रीगंगानगर , अक्टूबर 31 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के रावला थाना क्षेत्र में शनिवार को एक कार के बेकाबू होकर पेड़ से टकराने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया।
मृतक युवक की पहचान चक 22 आरजेडी निवासी सुमित पारीक (22) के रूप में हुई है। घायल हुआ युवक इसी गांव का निवासी योगेश मेघवाल (25) है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह सुमित रावला जाने के लिए गांव के अड्डे पर बस का इंतजार कर रहा था। तभी उसी के गांव का योगेश मेघवाल अपनी कार लेकर वहां आया। वह अपने किसी काम से रावला जा रहा था। उसने सुमित को अपनी गाड़ी में बिठा लिया।
कुछ ही दूरी पर चक 3-केएचएम के पास एक नील गाय को बचाने के प्रयास में कार बेकाबू होकर पेड़ से टकराकर पलट गई। इससे सुमित की मौके पर मौत हो गई जबकि योगेश घायल हो गया। उसे रावला के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर भेज दिया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित