श्रीगंगानगर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में बीकानेर जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक कार के नहर में गिरने से एक युवक की मौँत हो गई जबकि एक अन्य युवक लापता है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि तीन युवकों को पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने बचा लिया।

पुलिस ने बताया कि थारुसर गांव के पांच युवक कार से इंदिरा गांधी नहर की आरडी 682 से नहर के पटड़े के रास्ते अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे अचानक उनकी कार का टायर फट गया इससे कार अनियंत्रित होकर आरडी 656 के पास अनियंत्रित हो गई और सीधी इंदिरा गांधी मुख्य नहर के तेज बहाव वाले पानी में समा गई।

हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गई। संयोग से उसी समय खाजूवाला के पुलिस उपाधीक्षक विजयपाल यादव और छत्तरगढ़ थानाधिकारी नवनीत धालीवाल पंचायती राज चुनाव की गश्त में क्षेत्र में मौजूद थे। सूचना मिलते ही दोनों अधिकारी पुलिस दल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गये।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने रस्सियों की मदद से युवकों की तलाश की और तेज बहाव के बीच लियाकत, रफीक और मशूक खान को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाकी दो युवक-प्रेम मेघवाल (23) और इमरान (18) पानी के तेज बहाव में बह गए।

पुलिस ने बताया कि बीकानेर से राज्य आपदा राहत प्रबंधन दल का दल भी मौके पर पहुंचा। इसके बाद प्रेम मेघवाल का शव नहर से बरामद कर लिया गया। इमरान की तलाश की जा रही है। नहर का तेज बहाव चुनौती बना हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित