जालौन , अक्टूबर 08 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार को चुर्खी थाना क्षेत्र के बाबई गांव में दहेज में कार और दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और तीन तलाक देने का मामला सामने आया है।

पीड़िता ने थाने में तहरीर देने के बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप लगाया है। वह पुलिस अधीक्षक के पास पहुंची और मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गुहार लगाई।

बाबई निवासी रूबी पुत्री नियामत उल्ला ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 15 जून 2019 को मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा निवासी जाकिर खान पुत्र शाकिर से हुई थी। आरोप है कि शादी में मायके पक्ष ने एक लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी, जंजीर, बाइक और गृहस्थी का सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग कार और दो लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया।

पीड़िता के अनुसार 22 जून 2026 को पति ने मारपीट कर उसे दोनों बच्चों के साथ घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह मायके में रह रही थी। आरोप है कि चार अक्टूबर को जाकिर बाबई आया और उसके साथ मारपीट कर तीन बार तलाक कहा तथा उसके करीब साढ़े चार वर्षीय बेटे हमजा को जबरन अपने साथ ले गया।

पीड़िता ने बताया कि उसने चुर्खी थाने में तहरीर दी, लेकिन तीन दिन बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। इसके बाद उसने एसपी से न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित