अलवर , सितंबर 13 -- राजस्थान में अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक कार की चपेट में आने से मोटर साइकिल पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 11 बजे एक मोटर साइकिल पर तीन युवक जा रहे थे कि काली मोरी फाटक के पास तेज घुमाव पर अचानक विपरीत दिशा से आ रही कार से टकरा गये। आमने सामने की टक्कर से नाले की दीवार टूट गई और एक युवक नाले में जा गिरा। इस घटना में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये।
इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायल युवकों को तत्काल अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय के ट्रॉमा वार्ड में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान जितेंद्र राजपूत उर्फ छोटू (21), युवराज सैनी (22) और हिमांशु (21) के रूप में हुई है। तीनों दोस्त थे। दुर्घटना के बाद कार चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित