भीलवाड़ा , मार्च 06 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बीगोद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को कार की टक्कर से एक किशोर की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सिंगोली चारभुजा निवासी कालू रैगर अपने ही गांव के राधेश्याम (14) के साथ सुबह मोटर साइकिल में पंट्रोल भरवाने बरुंदनी रोड स्थित पंप पर जा रहा था, तभी पीछे से आयी एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि इससे मोटर साइकिल पर पीछे बैठा राधेश्याम उछलकर दूर जा गिरा, जिससे उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आयीं। इस दुर्घटना में चालक कालू भी घायल हो गया। राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद राधेश्याम को मृत घोषित कर दिया। घायल कालू को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित