ग्वालियर , जून 28 -- मध्यप्रदेश में ग्वालियर जिले के डबरा थाना क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहे परिवार के ई-रिक्शा को एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक बालक सहित दो लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार डबरा थाना क्षेत्र के अमरपुरा नई बस्ती निवासी नीतेश जाटव का परिवार परिचितों के साथ महाराजपुरा स्थित एक विवाह समारोह में शामिल होकर ई-रिक्शा से घर लौट रहा था। ई-रिक्शा रामकिशन साहू चला रहे थे, जबकि नीतेश जाटव और उनकी पत्नी पीछे-पीछे मोटरसाइकिल से आ रहे थे।

डबरा-चीनौर मार्ग पर इटायल और बारौल के बीच एक पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही एक कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा कुछ दूरी तक घिसटता चला गया।

दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस दुर्घटना में नौ वर्षीय लव जाटव और ई-रिक्शा चालक रामकिशन साहू की मृत्यु हो गई।

दुर्घटना में आशीष जाटव, कल्पना जाटव, राज जाटव, कुशला साहू, महादेवी साहू, युवान साहू, रश्मि साहू और अजय साहू घायल हुए हैं। इनमें से गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर चालक और वाहन मालिक की पहचान कर उसकी तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित