अलवर , सितम्बर 07 -- राजस्थान में अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक कार की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भड़कोल गांव में सुबह करीब साढ़े छह बजे पेट्रोल पंप के पास घर के करण सिंह यादव (40) दूध लेने के लिए सड़क किनारे खड़े थे। उन्हें दूध विक्रेता रामसिंह सैनी (48) दूध दे रहा था इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।

सूत्रों ने बताया कि इससे दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। दो लोगों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मालाखेड़ा-लक्ष्मणगढ़ मार्ग को अवरुद्ध कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि बाईपास बनने के बाद इस मार्ग पर वाहन चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिसके कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने सड़क पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने, तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई करने और हादसों की रोकथाम के लिए ठोस व्यवस्था की मांग की है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों का विरोध जारी रहा। मौके पर मालाखेड़ा तहसीलदार दीपा यादव, थाना प्रभारी किरण सिंह यादव, ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी और ग्रामीण मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील जाखड़ सहित प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी मौजूद हैं।

पुलिस पूरे मामले की जांच करके कार चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित