भरतपुर , जून 24 -- राजस्थान के डीग में कामां थाना क्षेत्र में बुधवार को सुबह एक अनियंत्रित कार की चपेट में आने से 10 राहगीर घायल हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक कार चालक कोसी चौराहे अचानक कार पर नियंत्रण खो बैठा और एक राहगीर को टक्कर मार दी । इसके बाद वहां से भागने के प्रयास में वह अक्खड़वाड़ी मोड़ तक कार भगा ले गया जिसकी चपेट में करीब 10 लोग आ गये।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बाद में फरार होने के प्रयास में कार कच्चे रास्ते पर पलट गई। इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। घायलों में लक्ष्मी (28), सोना (30), अमर चंद (50), गीता (42), लज्जा (35), सुनीता (40), मुकेश (40), सुमित (17), रामभरोसी (70) और कुमकुम (9) शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित