उदयपुर , मई 04 -- राजस्थान में उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में कार की चपेट में आने से स्कूटी पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हाे गये।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रविवार देर रात कैटरिंग का काम करने वाले तीन युवक स्कूटी पर बैठ कर आ रहे थे कि एकलिंगपुरा चौराहा के पास पुलिया पर सामने से आई तेज रफ्तार इनोवा कार से स्कूटी टकरा गई। इससे कार और स्कूटी पुलिया की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फुट नीचे जा गिरे। इससे स्कूटी पर सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। मृतकों की पहचान अर्जुन सिंह (40), सौरभ (30) और जगतसिंह चौहान (35) के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें महाराणा भूपाल सार्वजनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। शव सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित