सरगुजा , अप्रैल 08 -- छत्तीसगढ के सरगुजा में कार और ऑटो वाले के बीच हुए विवाद ने ग्राम डूमरडीह को साम्प्रदायिक हिंसा की आग में झोंक दिया। इस मामले में 19 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और नौ आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।गत दो अप्रैल कार और ऑटो चालक के बीच हुए मामूली विवाद के बाद दोनों पक्षों के नौ आरोपी न्यायिक हिरासत में जेल भेजे गए हैं। पहली हिंसा समुदाय विशेष के पांच आरोपियों ने 04 अप्रैल को की। पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार करके 13 अप्रैल तक लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेजा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत ओवरटेक को लेकर हुआ था। इसी विवाद के दौरान कार की टक्कर से ऑटो को ठोकर लगी थी। ऑटो में लगी ठोकर का बदला लेने के लिए समुदाय विशेष के लोगों ने रोहितेश्वर प्रताप सिंह के फॉर्म हाउस में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की थी।

रोहितेश्वर प्रताप सिंह की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों को बलात घुस जाना, तोड़फोड़, मारपीट और धमकी के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने गिरफ्त में लिए गए इन आरोपियों के बारे में अदालत को बताया था कि इन्हें 13 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में रखा जाए। दरअसल डूमरडीह इलाके में समुदाय विशेष की बहुलता है। पुलिस को इस कार्रवाई के बाद बवाल हो सकने का अंदेशा था। इसीलिए अदालत से पांच आरोपियों को जमानत नहीं दिया जाए का निवेदन किया गया था। अदालत ने पुलिस के निवेदन के आधार पर आरोपियों को जमानत नहीं दी है आरोप अभी न्यायिक हिरासत में हैं।

प्रार्थी इलियास खान की लिखित शिकायत के मुताबिक रोहितेश्वर प्रताप सिंह ने 14 से अधिक युवाओं के साथ मिलकर ग्राम डूमरडीह में कादिर खान के ऑटो और हयात खान पान ठेले में आग दी। शिकायत के मुताबिक धार्मिक झंडों को नुकसान पहुंचाया गया। पांच अप्रैल को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर अजीत वसंत और डीआईजी प्रशांत अग्रवाल घटनास्थल ग्राम डूमरडीह में थे। डीआईजी ने भारी बल लगाकर क़ानून व्यवस्था बनाए रखी।

आईजी दीपक झा ने पांच अप्रैल को यूनीवार्ता को बताया था कि दोनों पक्षों के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सीतापुर के अनुविभागीय अधिकारी राजेंद्र मंडावी ने पांच अप्रैल की घटना को बलवा और आगजनी की घटना बताते हुए यह भी बताया है धार्मिक झंडों को उखाड़ा गया था। इलाके में हुई शांति बहाली के बाद छह अप्रैल को इलियास खान ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दी।सीतापुर के अनुविभागीय अधिकारी राजेंद्र मंडावी ने बताया कि इलियास खान की शिकायत पर धौरपुर राजघराने के रोहितेश्वर प्रताप सिंह समेत 14 एवं अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिनन धाराओं में जुर्म दर्ज किया गया है। इन धाराओं के तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है,फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार दोनों घटनाओं को मिलाकर कुल 19 आरोपी जांच के दायरे में हैं, जिनमें से नौ को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित