हमीरपुर , मई 17 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मौदहा क्षेत्र में रविवार को एक कार और ट्रक की आमने.सामने की भिड़ंत में कार चालक सहित चार लोगों की मौके पर मौत हो गई है। जबकि एक महिला को गंभीर हालत में कानपुर रैफर किया गया है।
पुुलिस के मुताबिक कार में बैठकर एक ही परिवार के चार लोग बागेश्वर धाम से लौटकर महोबा से कानपुर की ओर जा रहे थे कि जैसे ही कार क्षेत्र के छिरका गांव के नजदीक पहुंची थी कि तभी सामने से आ रहे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमे कार सवार नरेंद्र कुमार (55) निवासी नवाबगंज कानपुर, मीना (54) पत्नी राजकपूर, राजकपूर (57) निवासी कानपुर, कार चालक आयुष(57) निवासी लखनऊ की मौके पर मृत्युु हो गयी।
घायल रेखा पत्नी नरेंद्र कुमार को घायल अवस्था में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे कानपुर रैफर कर दिया गया है। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। कार सवार सभी लोग मध्यप्रदेश के जिला छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में दर्शन करने के बाद वापस कानपुर लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारियों ने सीएचसी पहुंचकर घटना की जानकारी ली है। डीएम व एसपी ने घटना की जांच करने के आदेश दिये है।
रोड में डिवाइडर न होने से यहा पर आये दिन घटनाएं होती रहती है। चार दिन पहले सुमेरपुर क्षेत्र में डंपर की टक्कर से चार लोगो की मौत हो गयी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित