बालोद, 09 दिसम्बर 2025 (वार्ता) छत्तीसगढ के बालोद जिले में हमर राज पार्टी के जिला अध्यक्ष की कार को आग लगाए जाने के मामले में पुलिस ने आज एक और अहम कार्रवाई की है। जांच के दौरान सामने आए नए तथ्यों के आधार पर अंगारी की सरपंच ममता डडसेना और दुर्ग निवासी श्यामू यादव उर्फ रिंकू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में इससे पहले पांच आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे जा चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि एक दिसंबर की रात बूढ़ापारा वार्ड-20 में जिला अध्यक्ष देवेंद्र साहू के घर के पास खड़ी कार को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया था। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर प्रकरण की जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान गिरफ्तार किए गए संदेहियों-अनिकेत मेश्राम, सूरज रंगारी, दानेश्वर साहू, अभिषेक चौरे और मोहम्मद फैजान-से पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि बालोद जेल में बंद रहने के दौरान मोहम्मद फैजान की मुलाकात अंगारी सरपंच ममता डडसेना के पति अश्वनी डडसेना से हुई थी। वहीं अश्वनी ने देवेंद्र साहू के साथ चल रहे जमीन विवाद का जिक्र करते हुए उन पर प्राणघातक हमला कराने के लिए रकम देने की बात कही थी।
जांच टीम द्वारा मिली इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर सरपंच ममता डडसेना और श्यामू यादव को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में शामिल अन्य व्यक्तियों और वित्तीय लेनदेन की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित