भिण्ड , नवम्बर 08 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के बरोही थाना क्षेत्र में पावई रोड पर अम्लौड़ा झाल के पास शनिवार रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में 22 वर्षीय शिवम बाजपेई की मौत हो गई, जबकि उसके चार दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। हादसे के समय कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक बताई जा रही है।

बरोही थाना प्रभारी अतुल भदौरिया ने बताया कि भिण्ड शहर के गोविंद नगर निवासी शिवम बाजपेई अपने पांच दोस्तों के साथ कार से निकला था। सभी मेहगांव पहुंचे, जहां सीएनजी पंप पर कार में गैस भरवाई। इसके बाद सेमरपुरा होते हुए पावई रोड से लौट रहे थे। इसी दौरान अम्लौड़ा झाल के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार सड़क से उतरकर दो से तीन बार पलटी और खेत में जा गिरी।

हादसे में शिवम की मौत हो गई, जबकि कार सवार अतुल शर्मा, अर्पित शर्मा, इमरान खान और देव ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद चारों को ग्वालियर रेफर किया गया। वहीं, छठे युवक अखिलेश जयपुरिया को मामूली चोट आई है। उसे भिण्ड जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में सवार सभी युवकों की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच बताई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित