सागर , मई 12 -- मध्यप्रदेश के सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी डॉ. रहीश खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जनसंपर्क विभाग से जारी जानकारी के अनुसार प्रमुख सचिव, पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा आयोजित समीक्षा बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कृत्रिम गर्भाधान कार्य की समीक्षा की गई थी। समीक्षा में पाया गया कि डॉ. रहीश खान, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी, पशु चिकित्सालय दलपतपुर द्वारा निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध मात्र तीन प्रतिशत कार्य किया गया।
इसके अलावा ई-अटेंडेंस 'सार्थक एप' के परीक्षण में यह भी सामने आया कि 15 फरवरी 2026 से 10 मई 2026 के बीच कई बार संस्था की निर्धारित लोकेशन से अलग स्थान पर उपस्थिति दर्ज की गई। इस संबंध में संबंधित अधिकारी द्वारा कोई स्पष्ट और संतोषजनक कारण प्रस्तुत नहीं किया गया। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित अधिकारी ने अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती तथा शासन के आदेशों की अवहेलना करते हुए स्वेच्छाचारिता दिखाई।
जानकारी के अनुसार डॉ. रहीश खान को पूर्व में भी लक्ष्यानुसार कृत्रिम गर्भाधान कार्य करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उनके द्वारा लगातार लापरवाही बरती जाती रही। साथ ही यह भी पाया गया कि वे प्रतिदिन मुख्यालय पशु चिकित्सालय दलपतपुर से सार्थक एप पर उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे थे और अनुपस्थिति के संबंध में कोई उचित कारण भी प्रस्तुत नहीं कर सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित