मुरैना , जून 13 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में फार्मर आईडी निर्माण और संबंधित कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर एक पटवारी को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार जिले में किसानों की फार्मर आईडी तैयार करने, खसरों को फार्मर आईडी से लिंक करने तथा विशेष शिविरों के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मुरैना बी.एस. कुशवाह द्वारा की गई समीक्षा के दौरान ग्राम जींगनी में फार्मर आईडी लिंकिंग और संबंधित लंबित कार्यों की प्रगति मात्र 20.53 प्रतिशत पाई गई। इसके अलावा 11 सीएम हेल्पलाइन प्रकरण भी लंबित मिले। कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर ग्राम जींगनी, तहसील ग्रामीण मुरैना के पटवारी कालीचरण यादव को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।
प्रशासन के अनुसार पटवारी द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं किए जाने को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मुरैना ने कालीचरण यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित कर दी है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय ग्रामीण, मुरैना निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित