लखनऊ , जून 02 -- अपना दल (एस) अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिये पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान करते हुये कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और निरंतर प्रयासों के बल पर पार्टी ने प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। श्रीमती पटेल ने मंगलवार को पार्टी की संगठन समीक्षा बैठक में आगामी चुनावों की तैयारियों, संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा की। बैठक को संबोधित करते हुए श्रीमती पटेल ने कहा कि संघर्ष ही सफलता की कुंजी है और संगठन पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और निरंतर प्रयासों के बल पर अपना दल (एस) ने प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने आगामी चुनावों को देखते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा और निष्ठा के साथ जनसंपर्क अभियान में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी के 'हर घर झंडा' अभियान को और अधिक गति देने पर जोर देते हुए कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

श्रीमती पटेल ने कहा, "हम सभी का सम्मान और अस्तित्व पार्टी से जुड़ा है। संगठन हमारी वास्तविक ताकत है। चुनाव में सफलता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करना होगा।"बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने भी संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने के निर्देश दिए।

श्री पटेल ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र के हर बूथ तक पहुंच बनाकर संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ही आगामी चुनावों में सफलता का आधार बनेगी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आर.पी. गौतम ने की।

इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष माता बदल तिवारी, राष्ट्रीय महासचिव आर.बी. सिंह, के.के. पटेल, राष्ट्रीय सचिव विनोद गंगवार, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ओ.पी. कटियार, राज्य मंत्री रेखा पटेल, पूर्व मंत्री राम लखन पटेल, आयोग सदस्य राजेंद्र पाल, सलाहकार जवाहर पटेल, पूर्व सांसद नागेंद्र प्रताप सिंह, प्रमोद पटेल, पूर्व विधायक जमुना प्रसाद सरोज, विधायक सरोज कुरिल, जय कुमार सिंह 'जैकी', जीतलाल पटेल, वाचस्पति, आर.के. पटेल, शफीक अहमद अंसारी तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित