मऊ , मई 04 -- भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पश्चिम बंगाल प्रभारी शक्ति सिंह ने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों को "नए युग की शुरुआत" बताते हुए कहा कि यह जीत सुनियोजित रणनीति, मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं के अदम्य साहस का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष पूर्व जब उन्हें पश्चिम बंगाल का प्रभार सौंपा गया था, तब राज्य की राजनीतिक परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं और शायद ही किसी ने इतने बड़े बदलाव की कल्पना की थी। लेकिन आज के परिणाम यह साबित करते हैं कि निरंतर प्रयास और मजबूत संगठनात्मक ढांचे से कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी परिवर्तन संभव है।

शक्ति सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल, जिसने प्लासी के युद्ध और बंगाल विभाजन जैसे ऐतिहासिक दौर देखे हैं, आज एक नए राजनीतिक अध्याय का साक्षी बना है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में राज्य में "प्रशासन के समानांतर एक गुंडा व्यवस्था" कार्य कर रही थी, जिससे कार्यकर्ताओं में भय का माहौल था और आम जनता की आवाज दबाई जा रही थी।

उन्होंने बताया कि उनकी रणनीति तीन मुख्य बिंदुओं पर आधारित थी-कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और ऐसे लोगों को भी जोड़ना जो प्रत्यक्ष रूप से सामने नहीं आ सकते थे, खासकर सोशल मीडिया के माध्यम से। युवा मोर्चा के जरिए आक्रामक आंदोलनों ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया और जनता के बीच बदलाव का संदेश पहुंचाया।

उन्होंने कहा कि देशभर से आए कार्यकर्ताओं के समन्वय और जमीनी स्तर पर निरंतर संवाद ने चुनाव प्रबंधन को नई दिशा दी। "कोलकाता से लेकर गांव-गांव तक कार्यकर्ताओं ने जिस साहस के साथ मुकाबला किया, वह अभूतपूर्व है।"शक्ति सिंह ने इस जीत को केवल एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल की जनता और उन कार्यकर्ताओं की जीत बताया, जिन्होंने भय के माहौल को तोड़ा। उन्होंने कहा कि यह परिणाम राज्य में एक नए युग की शुरुआत का संकेत है और आगे भी संगठन इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित